पहाड़ों में गाड़ी चलाने का तो काफ़ी अनुभव है लेकिन मैदान में शहरों में भारी ट्रेफिक के बीच ड्राइव करने का अनुभव बहुत कम है. रात की ड्राइविंग काफ़ी रोमांचक होती है. कल दिन में साढ़े तीन बजे मासी से चले थे, दिल्ली आते आते भोर हो चुकी थी, काफ़ी आराम से ड्राइव कर रहा था. मुरादाबाद से एक्सप्रेस वे आरम्भ हो जाता है जिससे लगभग सुरक्षित ड्राइविंग हो जाती है गजरौला में एक ढाबे में विश्राम कर एक झपकी ली, नींद आने लगी थी. लगभग एक घंटे सोने के बाद तरोताज़ा होकर एक चाय पी. तब यात्रा आरम्भ की. कल बेटे का बीटेक का पेपर है.
गगनचुम्बी ईमारतों, एक्सप्रेस वे सड़कें और ट्रैफिक की भीड़ के बीच से गुजरना एक रोमांचक अनुभव देता है. लगभग पचास प्रतिशत उत्तराखंड यहीं अपना जीवन यापन कर रहा है. यहाँ की सड़कों में गाड़ियों की गति के साथ दौड़ रहा है, गति और आदमी के बीच एक प्रतिस्पर्धा में हर रोज इस गति से आगे निकलने की कोशिश में निरंतर दौड़ रहा है. और आने वाली पीढ़ियों को दौड़ने के लिए तैयार कर रहा है.
उत्तराखंडी जिस वैभव, धन,यश, गति को पकड़ने के लिए गावं छोड़ कर यहाँ आया और आते ही मशीन की मानिंद निरंतर दौड़ने में जुट गया किन्तु यहाँ की गति है कि निरंतर और तेज होती जाती है. पिछली पीढ़ी जिस गति से दौड़ी थी आज समय उससे अधिक तेजी से भाग रहा है और प्रतियोगी समय ही है. जिसे पीछे करना असंभव है. महत्वाकांक्षा की कोई निश्चित सीमा नहीं है इसलिए उस वैभव, धन,यश की दौड़ में समय से आगे निकलना संभव नहीं है
गति का वेग निरंतर बढ़ रहा है और हम दौड़ रहे हैँ थक कर पीछे होने पर आने वाली पीढ़ी को दौड़ा रहे हैं. भागते रहने का एक अंतहीन क्रम है.
इस दौड़ में एक भावना हीन और संवेदना हीन प्रतियोगिता है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें